(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड देहरादून विनय शंकर पांडेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार की टीम ने नगर निगम क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान चलाया। अभियान सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम हरिद्वार कैलाश चंद्र टम्टा द्वारा संचालित किया गया।
अभियान के दौरान यात्री की शिकायत के आधार पर श्रवणनाथ नगर, रेलवे रोड स्थित श्री श्याम रेस्टोरेंट का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट के किचन में अत्यधिक गंदगी पाई गई। इसके साथ ही परिसर में कॉकरोच और चूहों की सक्रियता भी सामने आई। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई की गई। प्रतिष्ठान से मसाला डोसा का एक विधिक नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट संचालक खाद्य कारोबारकर्ता एवं कार्मिकों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल संबंधी अभिलेख तथा पेयजल की जांच रिपोर्ट भी मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सके। विभाग ने प्रतिष्ठान में आवश्यक सुधार करने के लिए खाद्य कारोबारकर्ता को एक सप्ताह का समय दिया है। निर्धारित अवधि में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर खाद्य पंजीकरण निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में विकास कॉलोनी, ओल्ड रानीपुर मोड़ के पास स्थित थोक विक्रेता/वितरक फर्म भगवती ट्रेडर्स का भी निरीक्षण किया गया। संदेह के आधार पर प्रतिष्ठान से नंद केसरी ब्रांड गाय के घी एवं गोल्डन क्राउन ब्रांड शहद के विधिक नमूने जांच के लिए लिए गए।
वहीं रानीपुर मोड़ स्थित सूर्या कॉम्प्लेक्स में संचालित बैरागी राजमा चावल रेस्टोरेंट का निरीक्षण करने पर खाद्य पंजीकरण गलत श्रेणी में पाया गया। प्रतिष्ठान द्वारा रेस्टोरेंट के बजाय फुटकर विक्रेता श्रेणी का पंजीकरण प्रस्तुत किया गया। इस मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की धारा 61 के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निरीक्षण और नमूना संग्रह अभियान आगे भी जारी रहेगा।








































Users Today : 498
Users Yesterday : 1179






