(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। शहर कोतवाली क्षेत्र के खड़खड़ी में मंगलवार देर रात पुलिस और चेन स्नेचिंग के आरोपी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक बदमाश ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के दाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घायल बदमाश की पहचान नरेश निवासी सुलतानपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार नरेश हरिद्वार में हुई चेन स्नेचिंग की दो घटनाओं में शामिल बताया जा रहा है। नगर कोतवाल की टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान खड़खड़ी क्षेत्र में पुलिस ने उसे घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी।
गोली लगने के बाद घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ करने के साथ उसके आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है।
मुठभेड़ के बाद का एक वीडियो भी चर्चा में है, जिसमें घायल बदमाश पुलिसकर्मियों के सामने रोता नजर आया। बताया जा रहा है कि वह पुलिस से रहम की गुहार लगाते हुए कह रहा था—“माफ कर दो साहब, गलती हो गई।” पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।








































Users Today : 560
Users Yesterday : 944






