(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार, 3 अगस्त। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा-2026 पूरे शबाब पर है। यात्रा के पांचवें दिन सोमवार को आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि करीब 32 लाख 25 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक 1 करोड़ 9 लाख 10 हजार श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।
मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, हर दिन शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया है। कांवड़ मार्गों, प्रमुख स्नान घाटों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल, स्वास्थ्य विभाग, स्वच्छता कर्मियों और अन्य विभागों की टीमें लगातार मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रही हैं।
यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध बनाए रखने के लिए यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल, सफाई व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का दावा है कि सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं ताकि लाखों शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन ने सभी कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुशासित कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में अपना सहयोग दें।




































Users Today : 22
Users Yesterday : 555
