(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार, 04 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जनपद की सड़कों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गड्ढामुक्त करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित रविवार को स्वयं धरातल पर उतरे। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ चंडी चौक, चंडी पुल, आयरिश पुल के समीप, बैरागी कैंप, दक्षद्वीप सहित विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों की मौजूदा स्थिति, डामरीकरण, पेंचवर्क और निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को काम में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 15 अक्टूबर तक जनपद की प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा कि चिन्हित सभी स्थानों पर डामरीकरण एवं पेंचवर्क का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। जहां सड़क मरम्मत का कार्य लंबित है, वहां पर्याप्त संख्या में श्रमिक और संसाधन बढ़ाकर कार्य की गति तेज की जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चंडी पुल के मरम्मत कार्य की प्रगति की जानकारी भी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुल के मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि लंबे समय तक यातायात प्रभावित न हो और आम जनता को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके बाद उन्होंने आयरिश पुल के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण करते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल कराने के निर्देश दिए।
शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक पेंचवर्क प्राथमिकता पर
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक सड़क के पेंचवर्क एवं डामरीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पहले पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह मार्ग यातायात की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है और यहां सड़क की स्थिति बेहतर होना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान सड़क मरम्मत कार्यों में श्रमिकों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि उपलब्ध समय को देखते हुए कार्यदायी संस्थाएं अतिरिक्त श्रमिक लगाकर एक साथ विभिन्न स्थानों पर कार्य कराएं, ताकि निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा किया जा सके।
60 मीटर स्पान पुल का भी किया निरीक्षण
निरीक्षण के अगले चरण में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित दक्षद्वीप स्थित बैरागी क्षेत्र पहुंचे, जहां निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पुल निर्माण की प्रगति, कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि पुल निर्माण से जुड़े सभी कार्यों को आवश्यक समन्वय के साथ तेजी से आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने नियमित रूप से निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
कुंभ मेला कार्यों में भी तेजी के निर्देश
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग की ओर से किए जा रहे कुंभ मेला संबंधी कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी कुंभ मेला की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के मद्देनजर सड़क, पुल, यातायात और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना बेहद महत्वपूर्ण है। संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्यों को गति दें और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
सड़क के साथ स्ट्रीट लाइट और सौंदर्यीकरण पर भी जोर
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों पर पेंटिंग और वॉल पेंटिंग कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे के क्षेत्रों को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के साथ-साथ शहर की समग्र छवि को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जाए।
इसके अलावा उन्होंने खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क मरम्मत के साथ प्रकाश व्यवस्था को बेहतर करना भी जरूरी है, ताकि रात के समय आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क मरम्मत, पुल निर्माण, पेंचवर्क, डामरीकरण, प्रकाश व्यवस्था और कुंभ मेला संबंधी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की गुणवत्ता और समय सीमा दोनों पर विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि जनता को बेहतर सड़क, सुगम आवागमन और सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए सड़क निर्माण एवं मरम्मत के कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तेजी से कार्य करते हुए 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक राष्ट्रीय राजमार्ग विशाल गोयल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, डिप्टी मैनेजर एनएच प्रज्वल चौहान, कॉन्ट्रैक्टर अमित जैन, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








































Users Today : 121
Users Yesterday : 902






