(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने अर्धकुंभ निर्माण कार्यों में कथित अनियमितता और बजट के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए सरकार से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। रविवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि अर्धकुंभ के लिए जारी 709 करोड़ रुपये के बजट का पारदर्शी तरीके से इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है।
आलोक शर्मा ने कहा कि निर्माण कार्यों में निष्पक्षता और गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने सरकार से अर्धकुंभ के निर्माण कार्यों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। साथ ही कहा कि भाजपा के पार्षद भी कई कार्यों को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
उन्होंने ज्वालापुर और बहादराबाद क्षेत्र को अर्धकुंभ विकास कार्यों से पर्याप्त रूप से नहीं जोड़े जाने पर भी सवाल उठाया। कहा कि सीतापुर, रवि विहार, ब्रह्मपुरी, शिव विहार, आन्नेकी और रोशनाबाद समेत कई इलाकों में सड़कें बदहाल हैं। कई कॉलोनियों में सीवर लाइन की सुविधा तक नहीं है। पानी की टंकियां बन गई हैं, लेकिन लोगों को कनेक्शन नहीं मिल पाए हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच के साथ प्रत्येक कार्यस्थल पर साइन बोर्ड लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बोर्ड पर संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर और कार्यदायी संस्था का नाम दर्ज होना चाहिए। थर्ड पार्टी ऑडिट की रिपोर्ट भी सार्वजनिक की जाए।
आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ कार्यों के टेंडर निर्माण शुरू होने के बाद किए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से सभी कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि अर्धकुंभ जैसे आस्था के पर्व में किसी भी तरह की खानापूर्ति और कथित बंदरबांट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रेसवार्ता में ग्रामीण जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह सहित कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे।








































Users Today : 121
Users Yesterday : 902






