(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। क्षेत्र में लंबे समय से सीवर व्यवस्था की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
बीएचईएल रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से 35 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन का निर्माण कराया जाएगा। केएफडब्ल्यू (KfW) पोषित इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत शुक्रवार को विधायक आदेश चौहान ने विधिवत पूजन-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। परियोजना के धरातल पर उतरने से नगर निगम हरिद्वार के वार्ड संख्या 59 और 60 की बड़ी आबादी को बेहतर सीवर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

इस परियोजना को क्षेत्र के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इसके अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर, सीतापुर, जानकी विहार, रवि विहार, हरिलोक फेस-2, नया गांव, नाहर सिंह एन्क्लेव, ब्रह्म सिंह एन्क्लेव, ब्रज सिंह-भूप सिंह एन्क्लेव, जगदीश कॉलोनी, योरावर एन्क्लेव, गणेश विहार फेस-1 एवं फेस-2, राजलोक विहार और राधा एन्क्लेव सहित अनेक कॉलोनियों में सीवर लाइन बिछाई जाएगी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इन क्षेत्रों में सीवर निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी और स्थानीय निवासियों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिलेगी।
निर्माण कार्य के शुभारंभ के दौरान विधायक आदेश चौहान ने कहा कि इस परियोजना को स्वीकृत कराने के लिए उन्होंने लंबे समय से लगातार प्रयास किए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद ही इस योजना को धरातल पर उतारने की दिशा में प्रयास शुरू कर दिए गए थे।

वर्ष 2015 में परियोजना की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर केंद्र सरकार को भेजी गई थी। इसके बाद वर्ष 2017 में प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनने के साथ परियोजना को आगे बढ़ाने के प्रयासों को गति मिली।
विधायक ने बताया कि परियोजना के तकनीकी पहलुओं और प्रगति को लेकर तत्कालीन कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जर्मनी भी गया था। लगातार प्रयासों और केंद्र एवं राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के परिणामस्वरूप केएफडब्ल्यू पोषित परियोजना के पैकेज-3 के अंतर्गत रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 80 करोड़ रुपये की यह योजना स्वीकृत हो सकी।
आदेश चौहान ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के सहयोग से रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सीवर और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि 35 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा और हजारों परिवारों को बेहतर नागरिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उनका प्रयास है कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक हिस्से तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे।
वहीं, परियोजना के शुभारंभ पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए विधायक आदेश चौहान का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर लाइन का निर्माण पूरा होने से कॉलोनियों में लंबे समय से बनी सीवर संबंधी समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी और क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में पार्षद विनीत चौहान, संदीप शर्मा, देवेश वर्मा, धीरेंद्र प्रधान, लैविश चौहान, नीति शर्मा, पवन चौहान, राजीव चौहान, अजय सोलंकी, अधिशासी अभियंता मीनाक्षी, विजय शुक्ला, गोपाल शर्मा, आकाश चौधरी, रतीभान चौहान, उदयवीर सिंह, महेश कुमार, मनोज कुमार, बृजभूषण, नंदन शर्मा, राज शर्मा, मोनू चौहान, सुरेंद्र चौहान, जे.के. तोमर और कपिल कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।










































Users Today : 22
Users Yesterday : 930
