(शहजाद अली हरिद्वार) बहादराबाद। शादी के नाम पर कथित तौर पर लोगों को जाल में फंसाकर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बहादराबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 70 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और नशीला पाउडर बरामद किया गया है। घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम दौलतपुर निवासी प्रवेश पुरी ने 24 सितंबर 2026 को कोतवाली बहादराबाद में तहरीर देकर बताया कि उनके भाई योगेश पुरी के साथ विवाह करने वाली महिला ने पति को विश्वास में लेकर कथित रूप से नशीला पदार्थ खिलाया। इसके बाद मौका पाकर वह घर से नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में बहादराबाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने महिला और उसके कथित साथियों को हिरासत में लिया। पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित सामान बरामद किया। पुलिस अब यह भी पड़ताल कर रही है कि क्या आरोपियों ने किसी अन्य व्यक्ति को भी इसी तरह शादी के नाम पर ठगी का शिकार बनाया है।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए आरोपियों में मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश निवासी 21 वर्षीय महिला, अब्दुल बारी निवासी मिर्जापुर, शामली निवासी एक अन्य महिला, पुनीत कुमार निवासी शामली और फतेह सिंह मीना निवासी भरतपुर, राजस्थान शामिल हैं।
बहादराबाद पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शादी-विवाह से पहले रिश्ते और संबंधित व्यक्ति की जानकारी की अच्छी तरह से जांच-पड़ताल करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस टीम में व0उ0नि0 अशोक सिरसवाल, उ0नि0 शमशेर अली, उ0नि0 कर्म सिंह, हे0का0 नरविन्दर सिंह और का0 सुनील तोमर शामिल रहे।








































Users Today : 82
Users Yesterday : 664






