(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में देर रात ओवरलोड गन्ने से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि सड़क किनारे खड़ी दो कारें ट्रक और गन्नों के भारी ढेर के नीचे दब गईं।
एक कार पूरी तरह गन्नों में छिप गई, जबकि दूसरी कार का पिछला हिस्सा ट्रक की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त दोनों कारों में कोई सवार नहीं था, वरना बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।

जानकारी के मुताबिक, घटना प्रेमनगर तिराहे के पास होटल जान्हवी डेल के सामने नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर हुई। बताया जा रहा है कि हरियाणा नंबर की कार से एक परिवार हरिद्वार में अपने रिश्तेदारों के यहां आया हुआ था।
परिवार के सदस्यों ने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की थी और किसी काम से चले गए थे। इसी दौरान गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और दोनों कारों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक पर नशे में होने का आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूचना मिलते ही कनखल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान ट्रक के नीचे दबे गन्नों को हटवाया गया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों कारों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सर्विस रोड पर यातायात सुचारू कराया गया।
एसएसआई अनुज सिंह के मुताबिक, हादसे में दोनों कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। ट्रक चालक मौके से फरार है और पुलिस उसकी तलाश के साथ ही पूरे मामले की जांच कर रही है।










































Users Today : 475
Users Yesterday : 613
