(शहजाद अली हरिद्वार)देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर चर्चित जैनी प्रकरण ने तूल पकड़ लिया है। करीब 23 साल पुराने मामले में असम निवासी इंदिरा देवड़ी उर्फ जैनी की शिकायत पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के खिलाफ गुवाहाटी के पानबाजार महिला थाने में 17 धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में दुष्कर्म, यौन शोषण, बंधक बनाने और साक्ष्य मिटाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
जैनी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि वर्ष 2002-03 में जब वह करीब 16 वर्ष की थी, तब नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे देहरादून स्थित तत्कालीन मंत्री के सरकारी आवास पर ले जाया गया। आरोप है कि वहां उसे करीब डेढ़ से दो महीने तक बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ बार-बार यौन शोषण किया गया। महिला ने गर्भवती होने के बाद प्रताड़ना और नारी निकेतन में रखे जाने के आरोप भी लगाए हैं। जून 2003 में उसने एक बेटे को जन्म दिया था।

शिकायत में जैनी ने पुराने सीबीआई जांच रिकॉर्ड पर सवाल उठाते हुए अपने बेटे का डीएनए परीक्षण कराने की मांग की है। उसने हरक सिंह रावत, स्वयं और अपने बेटे का न्यायालय की निगरानी में डीएनए टेस्ट कराने के साथ वर्ष 2003 के नारी निकेतन, अस्पताल और जांच से जुड़े दस्तावेज सुरक्षित रखने की मांग की है।
गौरतलब है कि वर्ष 2003 में इस प्रकरण के सामने आने के बाद हरक सिंह रावत को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। उस समय सीबीआई जांच और डीएनए रिपोर्ट में मेल नहीं मिलने के आधार पर उन्हें क्लीन चिट मिली थी।

वहीं, हरक सिंह रावत ने मौजूदा आरोपों को खारिज करते हुए पुराने सीबीआई निष्कर्षों का हवाला दिया है। उन्होंने दोबारा डीएनए परीक्षण कराने की चुनौती भी दी है और पूरे मामले को राजनीतिक साजिश बताया है।
जैनी की असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात के बाद यह मामला और अधिक राजनीतिक चर्चा में आ गया है। अब नए मुकदमे के बाद उत्तराखंड की सियासत में भी हलचल तेज होने के आसार हैं। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और जांच के निष्कर्ष सामने आना अभी बाकी है।










































Users Today : 582
Users Yesterday : 798
