(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए प्रयागराज कुंभ मेले में अपने परिवार से बिछड़े एक बुजुर्ग को दो साल बाद उनके परिजनों से मिलवा दिया। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम के इस सराहनीय प्रयास से लंबे समय से अपने पिता की तलाश कर रहा परिवार आखिरकार उनसे मिल सका।
जानकारी के अनुसार, बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुम्बा थाना क्षेत्र निवासी करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग विराज विगह दो वर्ष पूर्व प्रयागराज कुंभ में गांव के लोगों के साथ स्नान करने गए थे। इसी दौरान वह अपने परिवार से बिछड़ गए। काफी तलाश के बावजूद परिजनों को उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। इसके बाद से बुजुर्ग इधर-उधर भटकते हुए जीवन गुजार रहे थे।

इसी बीच कलियर शरीफ क्षेत्र में चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान पुलिसकर्मी मुकेश कुमार को मजार परिसर के जूता स्टॉल के पास एक बुजुर्ग लोगों से खाने-पीने की वस्तुएं और पैसे मांगते हुए मिले। पूछताछ में बुजुर्ग ने अपने बिहार निवासी होने और प्रयागराज कुंभ में परिवार से बिछड़ने की जानकारी दी।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कुटुम्बा थाना पुलिस से संपर्क किया और बुजुर्ग की पहचान व पते का सत्यापन कराया। इसके बाद वीडियो कॉल के माध्यम से उनके बेटे अंकित से बात कराई गई। वीडियो कॉल पर पिता को देखते ही बेटा भावुक हो गया और उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

सूचना मिलते ही बेटा हरिद्वार पहुंचा और कलियर जाकर अपने पिता को गले लगा लिया। परिवार ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया। बुजुर्ग को उनके बेटे और परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। उनका बेटा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में उप निरीक्षक के पद पर तैनात है।
इस सफल अभियान में एएचटीयू और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। हरिद्वार पुलिस की इस पहल ने एक बार फिर साबित किया कि पुलिस का काम केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि बिछड़ों को अपनों से मिलाना भी है।










































Users Today : 280
Users Yesterday : 798
