(शहजाद अली हरिद्वार)उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के केदारताल ट्रेक पर लापता ट्रेकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश में चलाया जा रहा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। बुधवार, 04 नवंबर को रेस्क्यू अभियान के दौरान बरामद किए गए तीन शवों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से मातली हेलीपैड पहुंचाया गया। मृतकों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। वहीं, अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू टीमें दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
जानकारी के अनुसार, बीती 27 अक्टूबर को गंगोत्री से सात ट्रेकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ सहित कुल 13 सदस्यीय दल केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। लेकिन क्षेत्र में अचानक खराब मौसम, भारी बर्फबारी और ग्लेशियर के कारण रास्ता अवरुद्ध हो गया। इसके चलते ट्रेकिंग दल निर्धारित समय पर वापस नहीं लौट सका। दल के लापता होने की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित रेस्क्यू एजेंसियां सक्रिय हो गईं।

सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में SDRF उत्तराखंड पुलिस की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। इस दौरान नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), वन विभाग, प्रशासन और संबंधित ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें भी संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
रेस्क्यू अभियान के दौरान अत्यंत दुर्गम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच तीन शव बरामद किए गए, जिन्हें हवाई मार्ग से मातली हेलीपैड तक पहुंचाया गया। इसके बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

रेस्क्यू टीमों को अभियान के दौरान भारी बर्फबारी, प्रतिकूल मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं।
फिलहाल केदारताल क्षेत्र में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी है। शेष लापता व्यक्तियों का पता लगाने के लिए टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।








































Users Today : 348
Users Yesterday : 456
