(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। अखिल भारतीय प्रजापति कुंभकार महासंघ ने प्रजापति समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार से ठोस नीति बनाने की मांग की है। रविवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान महासंघ के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र मनिनवाल ने कहा कि माटी कला से जुड़े शिल्पकारों की समस्याओं को समझते हुए उनके रोजगार को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि शिल्प कला में दक्ष कारीगरों को सोलर भट्टी योजना से जोड़ा जाए और कुंभकारों को बिजली के चाक उपलब्ध कराए जाएं। माटी कला से जुड़े लोगों को आधुनिक प्रशिक्षण और सुविधाएं देकर उनके पारंपरिक रोजगार को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने माटी कला बोर्ड को आयोग का दर्जा देने की भी मांग की।
डॉ. मनिनवाल ने कहा कि कुंभकार समाज अति पिछड़ा वर्ग से संबंधित है और उसके सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने के बजाय राजनीतिक हिस्सेदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। विधानसभा, लोकसभा, राज्यसभा, जिला पंचायत और नगर निकायों में समाज को उचित प्रतिनिधित्व दिए जाने की मांग उन्होंने उठाई।
उन्होंने जातिगत जनगणना की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जनगणना फार्म में जाति का स्पष्ट कॉलम होना चाहिए। साथ ही उन्होंने समाज के लोगों से अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करने की अपील की।
प्रेसवार्ता में शिवकुमार, बालूराम, अतर सिंह, विनोद प्रजापति, राजाराम प्रजापति, राजेंद्र कश्यप सहित कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोमपाल त्यागी और मनोज सैनी मौजूद रहे।








































Users Today : 1300
Users Yesterday : 1573






