(शहजाद अली हरिद्वार)देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्यसेवक सदन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सुबह से ही मुख्यसेवक सदन में मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला जारी रहा। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे लोगों में मुख्यमंत्री से मुलाकात करने और उन्हें जन्मदिन की बधाई देने को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
मुख्यसेवक सदन में उस समय माहौल और भी आत्मीय हो गया, जब समाज के विभिन्न वर्गों और आयु-वर्गों के लोग मुख्यमंत्री धामी को शुभकामनाएं देने पहुंचे। इनमें युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शामिल रहे। अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट किए, पुष्पमालाएं पहनाईं और आत्मीयता से मुलाकात कर उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भी जन्मदिवस की शुभकामनाएं देने पहुंचे लोगों से आत्मीयता से मुलाकात की और सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए अत्यंत मूल्यवान है। उत्तराखण्ड की जनता का प्रेम और विश्वास उन्हें निरंतर प्रदेश की सेवा करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यसेवक सदन में उत्तराखण्ड के अलग-अलग क्षेत्रों की झलक भी देखने को मिली। कोई दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्र से मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देने पहुंचा था तो कोई मैदानी जनपद से। किसी के हाथों में फूल थे तो कोई मिठाई लेकर पहुंचा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक मुख्यमंत्री से मिलने की उत्सुकता साफ दिखाई दी।
जन्मदिवस के अवसर पर विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि भी मुख्यसेवक सदन पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
विशेष रूप से युवाओं में मुख्यमंत्री से मिलने और संवाद करने को लेकर उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी पहुंचकर मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। वहीं बुजुर्गों ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। विभिन्न जनपदों से लोगों की मौजूदगी के चलते मुख्यसेवक सदन पूरे उत्तराखण्ड की सामूहिक शुभकामनाओं और जनभावनाओं का केंद्र नजर आया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की जनता का स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की जनता की सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने राज्य के विकास और जनकल्याण के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को और गति देने का संकल्प दोहराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और राज्य के विकास को नई गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर मुख्यसेवक सदन में उमड़ा जनस्नेह केवल बधाई और शुभकामनाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों और समाज के विविध वर्गों की सहभागिता भी दिखाई दी। जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और मीडिया प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने आयोजन को आत्मीय बना दिया। पूरे दिन मुख्यसेवक सदन में मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने वालों का उत्साह और उल्लास देखने को मिला।








































Users Today : 439
Users Yesterday : 797






