(शहजाद अली हरिद्वार)देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े एक बहुचर्चित मामले में भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई है।
हालांकि पुलिस अभी इस पूरे मामले पर खुलकर कुछ भी कहने से बच रही है, लेकिन देर रात तक गिरफ्तारी को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की संभावना जताई जा रही है।
अंकिता भंडारी केस से जुड़ा है मामला
जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला अंकिता भंडारी हत्याकांड के दौरान सामने आए उन आरोपों से जुड़ा है, जिनमें कई कथित हाई प्रोफाइल नेताओं के नाम चर्चा में आए थे।
उस समय सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने कई गंभीर आरोप लगाते हुए राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी थी।
ऑडियो रिकॉर्डिंग से बढ़ा था विवाद
उर्मिला सनावर ने स्वयं को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताते हुए कई ऑडियो रिकॉर्डिंग सार्वजनिक की थीं। इन रिकॉर्डिंग्स में अंकिता भंडारी हत्याकांड और कथित वीआईपी कनेक्शन को लेकर बातचीत होने का दावा किया गया था।
ऑडियो सामने आने के बाद हरिद्वार और देहरादून में विभिन्न धाराओं में मुकदमे भी दर्ज किए गए थे।
भाजपा नेताओं के नाम आने पर मचा था बवाल
मामले में भाजपा के तत्कालीन प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम भी चर्चाओं में आया था।
विवाद बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कथित वीआईपी के नामों की जांच के लिए सीबीआई जांच की संस्तुति की थी। वहीं दुष्यंत गौतम पक्ष की ओर से भी देहरादून में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
एसएसपी ने हिरासत की पुष्टि की
पुलिस सूत्रों के अनुसार पूर्व विधायक को रविवार शाम बुग्गावाला क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। एसएसपी परमेंद्र सिंह डोभाल ने हिरासत में लिए जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में जांच जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी सहित अन्य कानूनी कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजर बनी हुई है।


























Users Today : 442
Users Yesterday : 718
