(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। रानीपुर विधायक श्री आदेश चौहान के प्रयासों एवं प्रस्तावों पर लोक निर्माण विभाग की राज्य योजना के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र में कुल सात सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों को प्रदेश सरकार द्वारा प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
दिनांक 06 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश के अनुसार इन सातों कार्यों की कुल लंबाई 14.725 किलोमीटर तथा स्वीकृत लागत ₹6 करोड़ 48 लाख 65 हजार है।

स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत औरंगाबाद ग्राम सभा में ₹86.13 लाख की लागत से लगभग 1 किलोमीटर आंतरिक सड़कों का इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं नाली सहित निर्माण, रोशनाबाद में ₹91.75 लाख की लागत से विभिन्न कॉलोनियों में लगभग 900 मीटर सड़कों का इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं नाली सहित निर्माण, शिवालिकनगर से टिहरी विस्थापित होते हुए पीएसी पेट्रोल पंप तक ₹89.75 लाख की लागत से लगभग 2.5 किलोमीटर सड़क का हॉटमिक्स द्वारा पुनर्निर्माण, गैस प्लांट पेट्रोल पंप के सामने से अम्बेडकर चौक तक ₹97.96 लाख की लागत से लगभग 1 किलोमीटर सड़क का हॉटमिक्स द्वारा पुनर्निर्माण, शिवालिकनगर के जी क्लस्टर एवं टी क्लस्टर में ₹97.96 लाख की लागत से लगभग 4 किलोमीटर आंतरिक सड़कों का हॉटमिक्स द्वारा पुनर्निर्माण, बीएचईएल सेक्टर-3 में ₹91.53 लाख की लागत से लगभग 4.3 किलोमीटर आंतरिक सड़कों का हॉटमिक्स द्वारा पुनर्निर्माण तथा सुमननगर में ₹93.57 लाख की लागत से लगभग 1 किलोमीटर आंतरिक सड़कों का इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं नाली सहित निर्माण किया जाएगा।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं और लंबे समय से अपेक्षित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इन सात महत्वपूर्ण कार्यों की स्वीकृति से औरंगाबाद, रोशनाबाद, शिवालिकनगर, बीएचईएल सेक्टर-3 एवं सुमननगर सहित विधानसभा क्षेत्र के अनेक इलाकों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। इससे स्थानीय नागरिकों को राहत मिलने के साथ ही क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को भी मजबूती मिलेगी।
विधायक आदेश चौहान ने इन विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। रानीपुर विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनका संकल्प है और यह विकास यात्रा निरंतर जारी रहेगी।









































Users Today : 382
Users Yesterday : 483

