(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती आवाजाही के बीच ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने तथा ओवरलोडिंग करने की शिकायतों को देखते हुए परिवहन विभाग ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 45 चालान किए गए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के साथ निर्धारित किराया व्यवस्था का पालन कराने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा के नेतृत्व में इंटरसेप्टर प्रभारी सुश्री वरुणा सैनी ने विभिन्न स्थानों पर यात्री वाहनों की जांच की।

अभियान के दौरान विशेष रूप से ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा को चेक किया गया। जांच में ओवरलोडिंग, निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने, परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने सहित अन्य यातायात नियमों की अनदेखी के मामलों में 45 चालान किए गए।
परिवहन विभाग की टीम ने कार्रवाई के साथ वाहन चालकों की काउंसलिंग भी की। चालकों को चेतावनी दी गई कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की अधिक संख्या का फायदा उठाकर मनमाना किराया न वसूलें। निर्धारित यात्री क्षमता और परमिट नियमों का पालन करें तथा यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखें।

वहीं, परिवहन विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि यदि कोई वाहन चालक निर्धारित किराये से अधिक पैसे मांगता है तो वाहन का पंजीकरण नंबर और यात्रा का विवरण सुरक्षित रखते हुए विभाग में शिकायत दर्ज कराएं। विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए नियमों के उल्लंघन पर चेकिंग एवं कार्रवाई जारी रहेगी।









































Users Today : 382
Users Yesterday : 483

