(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार । आयुक्त, खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में बुधवार को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन की टीम द्वारा शिवालिक नगर एवं इकबालपुर क्षेत्र में मिठाई निर्माण इकाइयों तथा मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया गया।
पथरी थाना पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर एक मिठाई निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मौके से खुले रसगुल्ले एवं खुले गुलाब जामुन के दो नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु लिए गए। निरीक्षण के दौरान अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने, मिठाइयों के बड़े डिब्बों को ढककर न रखने तथा गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं पाए जाने पर संबंधित इकाई को मौके पर नोटिस जारी किया गया। साथ ही इकाई में साफ-सफाई कराने एवं अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत करने तक मिठाइयों का निर्माण, भंडारण एवं बिक्री बंद रखने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त शिवालिक नगर स्थित एक रिटेल स्टोर से पेड़ा मिठाई का एक नमूना प्रयोगशाला जांच हेतु लिया गया। जांच के दौरान संबंधित प्रतिष्ठान के खाद्य पंजीकरण में मिठाई की खाद्य श्रेणी शामिल एवं अनुमोदित नहीं पाई गई। इस पर खाद्य पंजीकरण में आवश्यक संशोधन कराने तक मिठाइयों के भंडारण एवं बिक्री पर रोक लगा दी गई। वहीं, पैकेटों पर निर्माता का नाम एवं पता अंकित न होने के कारण 400 ग्राम के 11 पैकेट तथा 800 ग्राम के 23 पैकेट सहित कुल 35 पेड़ा मिठाई के पैकेट मौके से हटवाए गए और उनकी बिक्री पर रोक लगाई गई।
वहीं, उपायुक्त लैब वीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार की टीम द्वारा मंगलौर कस्बा एवं झबरेड़ा में मोबाइल फूड वैन के माध्यम से मिठाई, खाद्य तेल एवं नमकीन सहित कुल 82 खाद्य पदार्थों की जांच की गई। जांच के दौरान 15 खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिन्हें टीम द्वारा मौके से हटवा दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं जांच अभियान लगातार जारी रखा जा रहा है।








































Users Today : 464
Users Yesterday : 456
