(शहजाद अली हरिद्वार)खानपुर। रविवार अलसुबह शाहीपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस और संदिग्ध टेंपो सवार के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शाहीपुर तिराहे पर पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सिकंदरपुर की ओर से एक संदिग्ध टेंपो आता दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने टेंपो को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर टेंपो चढ़ाने की कोशिश की और वाहन को खानपुर की ओर दौड़ा दिया।
घटना की सूचना चौकी प्रभारी ने तत्काल प्रभारी निरीक्षक खानपुर को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस फोर्स के साथ संदिग्ध टेंपो की तलाश में धर्मपुर मार्ग की ओर रवाना हुए। श्मशान घाट के पास पुलिस टीम को संदिग्ध टेंपो दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार, चालक टेंपो को सड़क पर छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गया।
आरोप है कि खेत में छिपे संदिग्ध ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें संदिग्ध के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी लक्सर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे उप जिला चिकित्सालय रुड़की रेफर कर दिया।
उपचार के दौरान आरोपी ने अपना नाम आरिफ पुत्र खलील निवासी तोड़ा जलालपुर, कोतवाली रुड़की बताया। पुलिस मामले की जांच और आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ और बरामदगी से जुड़ी विस्तृत जानकारी पूछताछ के बाद अलग से साझा की जाएगी।








































Users Today : 121
Users Yesterday : 902






