(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम झबरेड़ी कलां में हुए दोहरे हत्याकांड के वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया है। आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखे, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर 2026 को झबरेड़ी कलां में अमन उर्फ भरोसी पुत्र रामकुमार ने अपनी बहन रुपा और उसके प्रेमी सूरज उर्फ मुन्ना की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोप है कि बहन के प्रेम प्रसंग को लेकर आरोपी नाराज था। घटना के संबंध में सूरज के पिता अशोक की तहरीर पर झबरेड़ा कोतवाली में मुकदमा संख्या 158/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल से गांव की ओर आ रहा है। नहर पुल पिकेट पर पुलिस ने चेकिंग शुरू की। इसी बीच मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और बूढ़पुर पाल बस्ती की ओर भागने लगा।
पुलिस के अनुसार, चेतावनी देने के बावजूद आरोपी ने दोबारा फायरिंग की। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। पहचान होने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बहन और सूरज के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर बदनामी की आशंका के चलते दोनों की हत्या करने की बात बताई है। मुठभेड़ के संबंध में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 160/2026, धारा 109(1) बीएनएस और 3/25(1-बी) आयुध अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।








































Users Today : 72
Users Yesterday : 861






