(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। छठ पर्व के अवसर पर योग गुरु स्वामी रामदेव ने देशवासियों से अपनी सांस्कृतिक जड़ों, परंपराओं और पूर्वजों की विरासत से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने ‘बैक टू बेसिक्स, बैक टू आवर रूट्स, बैक टू आवर कल्चर, बैक टू नेचर, बैक टू वेदाज और बैक टू आयुर्वेद’ का संदेश देते हुए योग, आयुर्वेद, स्वदेशी और सनातन परंपरा को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
छठ पूजा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्वामी रामदेव ने बच्चों और श्रद्धालुओं के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं और प्रसाद वितरित किया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व प्रकृति के प्रति भारतीय समाज की श्रद्धा, आस्था और कृतज्ञता का प्रतीक है। अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा प्रकृति के साथ मनुष्य के गहरे संबंध को दर्शाती है।

स्वामी रामदेव ने कहा कि जिस प्रकार जड़ों से जुड़ा पेड़ मजबूती से खड़ा रहता है, उसी प्रकार अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा समाज भी सशक्त बनता है। आज आवश्यकता है कि लोग अपनी शिक्षा, चिकित्सा और जीवनशैली में भारतीय ज्ञान परंपरा को महत्व दें। योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एवं आत्मिक चेतना का भी विकास किया जा सकता है।
उन्होंने पारंपरिक खानपान में गन्ने और मूली के महत्व का उल्लेख करते हुए प्राकृतिक खाद्य पदार्थों को अपनाने की बात कही। साथ ही लिवर संबंधी बढ़ती समस्याओं पर भी चिंता जताई।

अपने फेसबुक लाइव कार्यक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले छठ पूजा के दिन ही उन्होंने इसकी शुरुआत की थी। शुरुआत में लाखों लोग जुड़े और आज इसकी पहुंच अरबों दर्शकों तक पहुंचने का दावा किया। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन सुबह फेसबुक लाइव से जुड़कर योग, आयुर्वेद और भारतीय संस्कृति का संदेश अपनाने तथा आगे बढ़ाने की अपील की।
अंत में उन्होंने देशवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन के लिए अपनी प्रकृति, संस्कृति, अध्यात्म और पूर्वजों की विरासत से जुड़े रहना बेहद जरूरी है।










































Users Today : 801
Users Yesterday : 786
