(शहजाद अली हरिद्वार) बहादराबाद। जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में बहादराबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें पांच मोटरसाइकिलें बहादराबाद कोतवाली में दर्ज वाहन चोरी के पांच मुकदमों से संबंधित हैं। इस कार्रवाई से पुलिस ने वाहन चोरी की पांच घटनाओं का सफल अनावरण किया है।
पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक विकास रावत, चौकी प्रभारी बाजार, पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान लोहे के पुल के पास गंगनहर की ओर जंगल से आने वाले एक सुनसान कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और मोटरसाइकिल के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात नहीं दिखा पाया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान दीपक पुत्र सुंदर लाल, निवासी ग्राम तेलीवाला रसूलपुर, थाना पिरान कलियर, हरिद्वार, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल आराध्या नर्सिंग होम, बहादराबाद के पास से चोरी की थी।
स्मैक की लत ने बनाया वाहन चोर

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी के वाहनों को वह गंगनहर किनारे जंगल में सुनसान जगह पर झाड़ियों के पीछे छिपाकर रखता था, ताकि किसी को उन पर शक न हो।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने जंगल में छिपाकर रखी गई नौ अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। इस तरह कुल 10 मोटरसाइकिलें पुलिस के हाथ लगीं। जांच में पांच बाइक बहादराबाद कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 352/26, 396/26, 410/26, 411/26 और 412/26 से संबंधित पाई गईं। इन सभी मामलों में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज थे।
पांच अन्य बाइकों के मालिकों की तलाश जारी
बरामद 10 मोटरसाइकिलों में पांच अन्य संदिग्ध वाहन भी शामिल हैं, जिनमें बजाज पल्सर और हीरो स्प्लेंडर प्लस जैसी बाइक हैं। पुलिस इन वाहनों के वास्तविक स्वामित्व और चोरी से संबंधित जानकारी जुटाने में लगी है। आरोपी के खिलाफ संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है, जबकि अन्य पांच मोटरसाइकिलों को धारा 35/106 बीएनएसएस के तहत कब्जे में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी थाना पिरान कलियर और भगवानपुर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत, हेड कांस्टेबल राजवर्धन, कांस्टेबल बलवंत सिंह, पंकज बिष्ट, विक्रम सिंह और अवनेश राणा शामिल रहे।
इस कार्रवाई को बहादराबाद पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस अब बरामद अन्य पांच मोटरसाइकिलों के मालिकों का पता लगाने में जुटी है।











































Users Today : 503
Users Yesterday : 831
