(शहजाद अली हरिद्वार)नई दिल्ली। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्तराखंड ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत नई दिल्ली में बुधवार को आयोजित सम्मान समारोह में उत्तराखंड के दो शहरों काशीपुर और रुद्रपुर को शानदार उपलब्धि हासिल हुई है।
आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में काशीपुर को प्रदेश स्तर पर प्रथम पुरस्कार तथा रुद्रपुर को हिमालयी राज्यों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से न केवल दोनों शहरों का गौरव बढ़ा है, बल्कि पूरे उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है।

कार्यक्रम में उत्तराखंड में शहरी स्वच्छता, स्वच्छता प्रबंधन और शहरी स्थानीय निकायों में किए जा रहे सुधारों एवं नवाचारों पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों शहरों को मिला यह सम्मान स्थानीय निकायों की ओर से स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए निरंतर प्रयासों, बेहतर प्रबंधन और जनभागीदारी का परिणाम माना जा रहा है।सम्मान समारोह में काशीपुर के महापौर दीपक बाली और रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा मौजूद रहे। इनके साथ शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी, काशीपुर के नगर आयुक्त रवीन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर की नगर आयुक्त शिप्रा जोशी तथा स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के राज्य मिशन प्रबंधक मनोज पांडे ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना, स्वच्छता के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं में सुधार लाना रहा। इसके साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बेहतर प्रदर्शन के लिए आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि स्वच्छ शहरों का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए नगर निकायों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम जनता को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।
काशीपुर और रुद्रपुर को मिले इस सम्मान ने साबित किया है कि बेहतर योजना, मजबूत प्रबंधन और सामुदायिक सहभागिता से शहरी स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। दोनों शहरों की यह सफलता उत्तराखंड के अन्य नगर निकायों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
राष्ट्रीय मंच पर मिली इस दोहरी उपलब्धि से उत्तराखंड ने स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान कायम की है।











































Users Today : 327
Users Yesterday : 844
