(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। दिवाली का पर्व संपन्न होने के बाद धर्मनगरी हरिद्वार में अब छठ पूजा की रौनक देखने को मिल रही है। पूर्वांचल के इस प्रमुख पर्व को लेकर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हुआ है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और आवागमन को देखते हुए रेलवे ने भी कमर कस ली है। यात्रियों की सुविधा के लिए मुरादाबाद मंडल की ओर से 19 नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं। इसके अलावा त्योहारी सीजन में हरिद्वार से 20 स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है।
छठ पर्व के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। टिकट वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। वहीं यात्रियों की सहायता के लिए स्टेशन पर हेल्प डेस्क भी बनाई गई हैं, जहां उन्हें ट्रेनों के आवागमन, टिकट और यात्रा से संबंधित आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही हैं।

रेलवे कर्मचारियों की ओर से यात्रियों को रेल वन ऐप के इस्तेमाल की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि यात्री मोबाइल के माध्यम से ट्रेनों की स्थिति और अन्य सुविधाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें।
त्योहारी सीजन में घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे का प्रयास है कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और उन्हें लंबी प्रतीक्षा या असुविधा का सामना न करना पड़े। अतिरिक्त कोच और स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

रेलवे की इन व्यवस्थाओं से छठ पर्व पर अपने घरों की ओर रुख कर रहे श्रद्धालुओं और यात्रियों को काफी सहूलियत मिल रही है।










































Users Today : 101
Users Yesterday : 972
