(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को पेयजल संकट से निजात दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। ग्राम टीरा टोंगिया में विधायक आदेश चौहान ने ₹78.40 लाख की लागत से बनने वाली पेयजल योजना का विधिवत पूजन कर शुभारंभ किया। इस योजना के शुरू होने से ग्राम टीरा टोंगिया सहित खाला टीरा और टांडा टीरा के सैकड़ों परिवारों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
गौरतलब है कि क्षेत्र में पहले भी लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से पेयजल लाइन बिछाने और ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जा चुका है। इसके बावजूद गर्मी के मौसम में पुराने नलकूप की क्षमता कम होने के कारण ग्रामीणों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था। कई परिवारों को नियमित जलापूर्ति के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए नई पेयजल योजना स्वीकृत कराई गई है। इसके पूरा होने से क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था मजबूत होने और पानी की किल्लत दूर होने की उम्मीद है।

योजना के शुभारंभ अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वच्छ पेयजल प्रत्येक परिवार की बुनियादी जरूरत है। गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े, इसी उद्देश्य से इस योजना को स्वीकृति दिलाकर कार्य प्रारंभ कराया गया है। उन्होंने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और परिवार तक पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल पहुंचाना उनका लक्ष्य है। क्षेत्र का समग्र विकास और जनसमस्याओं का स्थायी समाधान उनकी प्राथमिकता है।
वहीं, जिला पंचायत सदस्य बिमलेश देवी ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि लंबे समय से ग्रामीण पेयजल की समस्या से जूझ रहे थे। नई योजना से सैकड़ों परिवारों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान अनिल कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि कुमार, प्रदीप राठौर, रामपाल सिंह, नाथी सिंह, डॉ. कुलदीप चौहान, नरेश राठौर, जसप्रीत सिंह और सुरेश प्रधान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण मौजूद रहे।








































Users Today : 230
Users Yesterday : 456
