(शहजाद अली हरिद्वार)देहरादून। राजधानी देहरादून में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। देर रात पटेलनगर क्षेत्र के नयागांव के पास सघन चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार दो युवकों के बीच मुठभेड़ हो गई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए। उनके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम नयागांव के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे चेकिंग प्वाइंट पर रुकने के बजाय बाइक लेकर बुडपुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों की गोलीबारी में पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाशों के संबंध में जानकारी ली।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। बताया गया कि दोनों आज भी किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकले थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास भी है और वे पहले कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।








































Users Today : 167
Users Yesterday : 745
