(शहजाद अली हरिद्वार)शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को सपा सांसद इकरा हसन और सपा विधायक नाहिद हसन मृतक के घर पहुंचे। दोनों नेताओं ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
इकरा हसन ने हत्याकांड के खुलासे में हो रही देरी को लेकर शामली पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अंकित बालियान की हत्या बेहद गंभीर और दुखद घटना है। उन्होंने सवाल किया कि वारदात के समय पुलिस कहां थी और अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। उन्होंने कहा कि घटना ने शामली की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सपा सांसद ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार बेहतर कानून-व्यवस्था का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्थिति अलग नजर आ रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
इकरा हसन ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा नहीं किया तो वह मृतक के परिवार के साथ धरने पर बैठेंगी। उन्होंने कहा कि न्याय की लड़ाई में वह परिवार के साथ खड़ी रहेंगी।
इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फोन पर मृतक के परिजनों से बातचीत कर संवेदना व्यक्त की। वहीं आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। नेताओं के लगातार पहुंचने से पुलिस प्रशासन पर जल्द खुलासे और गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है।











































Users Today : 587
Users Yesterday : 747






