(शहजाद अली हरिद्वार)कलियर, 20 अगस्त। कलियर मेले में उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब गंगनहर में स्नान के दौरान 10 वर्षीय जायरीन तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगा। मौके पर मौजूद 40वीं वाहिनी पीएसी के आपदा राहत दल ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए बच्चे की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, चांद पुत्र अजमेर अली, निवासी डासना, गाजियाबाद, कलियर मेले में आया था। बुधवार को गंगनहर में स्नान करते समय अचानक वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और डूबने लगा। बच्चे को संकट में देखकर मौके पर तैनात 40वीं वाहिनी पीएसी आपदा राहत दल के जवान पीसी इखलाक मलिक ने बिना समय गंवाए गंगनहर के तेज बहाव में छलांग लगा दी। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू अभियान में पीसी इखलाक मलिक के साथ कांस्टेबल मोहित गुसाईं और कांस्टेबल सुमित नौटियाल भी शामिल रहे। बच्चे को सकुशल बचाए जाने पर परिजनों और मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली।
आपदा राहत दल द्वारा लगातार लाउड हेलर के माध्यम से श्रद्धालुओं को गंगनहर के तेज बहाव और खतरनाक स्थानों पर स्नान न करने की चेतावनी दी जा रही है। इसके बावजूद कुछ श्रद्धालु सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी कर रहे हैं।
पुलिस और आपदा राहत दल ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।






































Users Today : 508
Users Yesterday : 957
