(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कुट्टू के आटे की बिक्री को लेकर खाद्य कारोबारियों को जागरूक करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को खाद्य कारोबारकर्ताओं के लिए जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला उपायुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, गढ़वाल मंडल राजेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
कार्यशाला का आयोजन आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पाण्डेय तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में किया गया। इसमें नवरात्रि के दौरान कुट्टू के आटे के विनिर्माण, भंडारण, पैकेजिंग और बिक्री में खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने कारोबारियों को बताया कि पिछले वर्षों में नवरात्रि के दौरान कुट्टू के आटे के सेवन से फूड प्वाइजनिंग के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में इस बार खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता और बिक्री व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुट्टू का आटा केवल पैक्ड रूप में ही बेचा जाए। खुले में कुट्टू का आटा बेचने पर रोक रहेगी। कारोबारियों को प्रत्येक खरीद-बिक्री का बिल अथवा बीजक अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखने के लिए कहा गया। साथ ही केवल मानक के अनुरूप और शुद्ध कुट्टू का आटा ही उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
विभाग ने कारोबारियों को एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने की भी हिदायत दी। अधिकारियों ने कहा कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में व्रत रखने को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
कार्यशाला में सहायक आयुक्त महिमानन्द जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा, दिलीप कुमार जैन, योगेन्द्र पाण्डे सहित खाद्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। व्यापार मंडल की ओर से सुरेन्द्र अनेजा, सुनील अरोड़ा, विपिन कुमार गुप्ता, विक्की तनेजा, सुमित अग्रवाल और दीपक गोयल समेत अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।








































Users Today : 246
Users Yesterday : 1042






