(शहजाद अली हरिद्वार)रुड़की। कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में राजमहल होटल के पास खड़े एक ट्रक में हाईटेंशन बिजली लाइन गिरने से भीषण आग लग गई।
समय रहते फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार को फायर स्टेशन रुड़की को सूचना मिली कि राजमहल होटल के निकट खड़े एक ट्रक में आग लगी हुई है।
सूचना मिलते ही फायर यूनिट रुड़की तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि ट्रक के ऊपर हाईटेंशन विद्युत लाइन गिरने से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है।
फायर कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की, लेकिन देखा कि बिजली की लाइन अभी भी चालू थी। इस पर कंट्रोल रूम को स्थिति से अवगत कराया गया तथा चेतक मोबाइल को विद्युत उपकेंद्र भेजा गया।
बिजली विभाग द्वारा आपूर्ति बंद किए जाने के बाद फायर यूनिट ने पंपिंग के माध्यम से कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
फायर अधिकारियों के अनुसार आग की लपटें ट्रक के डीजल टैंक तक पहुंच रही थीं। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो डीजल टैंक फटने से बड़ा हादसा हो सकता था। फायर सर्विस की तत्परता के चलते इस खतरे को टाल दिया गया।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग बुझाने के अभियान में डीवीआर विपिन सिंह, एलएफएम विपिन सैनी, फायरमैन हरीशचंद्र, सुनील सिंह और अभिषेक कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




































Users Today : 225
Users Yesterday : 1234
