(शहजाद अली हरिद्वार)नैनीताल। शुक्रवार की सुबह नैनीताल में बस हादसा हो गया। हल्द्वानी से डीडीहाट जा रही बस खुपी में पलट गई। हादसे में एक की मौत हुई और आठ बस सवार घायल हुए हैं।
हल्द्वानी से डीडीहाट जा रही कुमाऊं मोटर्स यूनियन की बस ज्योलीकोट-भवाली मांर्ग पर खुपी के पास पलट गई। छह घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी जबकि दो को भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। हादसे की वजह बस की तेज गति बताई जा रही है।
हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट जा रही केमू की बस संख्या यूके-04 पीए-1112 भूमियाधार क्षेत्र के खुपी में सड़क पर ही पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर ज्योलीकोट चौकी प्रभारी श्याम सिंह बोरा सहित पुलिस कर्मचारी पहुंच गए और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
सूचना पर तल्लीताल थानाध्यक्ष मनोज नयाल सहित एसडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई। चौकी प्रभारी ने बताया कि हादसे में करीब 44 साल के व्यक्ति की मौत हो गई है। उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं जबकि छह गंभीर घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल जबकि दो को भवाली अस्पताल भेजा गया है।

















































