(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। बहादराबाद से पिरान कलियर जाने वाले मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा बहादराबाद–कलियर मार्ग स्थित सलेमपुर मोड़ के पास हुआ, जहां एक अज्ञात डंपर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बहादराबाद थाना क्षेत्र के बेगमपुर स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रामपुर–मुरादाबाद का निवासी बताया जा रहा है। युवक बाइक से अपने गंतव्य की ओर जा रहा था, तभी सलेमपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। डंपर का टायर युवक के सिर के ऊपर से गुजर जाने के कारण उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही चेतक पुलिस कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं बहादराबाद थाने के एसएसआई नितिन सिंह बिष्ट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। फरार डंपर और उसके चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को पकड़कर कार्रवाई की जाएगी।


































