(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। दिनांक 2 अप्रैल 2026 को भेल मजदूर कल्याण परिषद (इंटक) हरिद्वार का एक प्रतिनिधिमंडल कांग्रेस नेता राजवीर चौहान के नेतृत्व में नई दिल्ली स्थित भेल के सीरी फोर्ट कॉर्पोरेट कार्यालय पहुंचा।
प्रतिनिधिमंडल ने भेल के सीएमडी एवं कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) से मुलाकात कर कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को विस्तार से रखा।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख मुद्दों में आर्टिजन भर्ती में मृतक आश्रित कोटा को मृतक कर्मचारियों के परिजनों से ही भरने की मांग उठाई।
इसके अलावा वेज एग्रीमेंट के अनुरूप कर्मचारियों को दूसरा लैपटॉप उपलब्ध कराने, इंसेंटिव स्कीम की राशि बढ़ाने, केंद्रीय विद्यालयों में पूर्व की भांति कक्षा 1 से प्रवेश शुरू करने तथा मैक्स चिकित्सालय देहरादून को पुनः भेल हरिद्वार के पैनल में शामिल करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
भेल प्रबंधन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक रुख अपनाया और आश्वासन दिया कि इन मुद्दों पर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रबंधन के इस रुख से कर्मचारियों में उम्मीद जगी है।
दिल्ली में हुई इस बैठक की जानकारी बाद में भेल हरिद्वार स्थित हिप मेन गेट के बाहर एक कम्युनिकेशन मीटिंग के माध्यम से कर्मचारियों को दी गई।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बैठक के निष्कर्ष साझा किए और कर्मचारियों को एकजुट रहने का संदेश दिया। बैठक के कुछ छायाचित्र भी कर्मचारियों के बीच साझा किए गए।


























