(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 अगस्त 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की ओर से ‘सशक्त युवा सशक्त भारत’ अभियान का शुभारंभ किया गया।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार नरेंद्र दत्त के आदेश पर जिले में विभिन्न विभागों के समन्वय से युवाओं को विधिक जानकारी देने के साथ उन्हें अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत जीआरपी मुख्यालय रानीपुर में ट्रेनी एसआई के साथ सचिव/सिविल जज सीनियर डिविजन सिमरनजीत कौर ने युवा संवाद किया। इस दौरान बीएनएस 2023 और बीएनएसएस 2023 के प्रावधानों पर प्रश्नोत्तर के माध्यम से जानकारी दी गई।
डिप्टी एलएडीसी रमण कुमार सैनी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, निःशुल्क विधिक सहायता तथा नालसा जागृति योजना के तहत टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी।
नेहरू युवा केंद्र, रानीपुर मोड़ में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्थापित विधिक सहायता हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया। युवाओं को मौलिक अधिकार, मूल कर्तव्य और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी गई। हेल्प डेस्क पर अधिवक्ता और पीएलवी की ड्यूटी भी निर्धारित की गई है।
वहीं जेल समीक्षा दिवस के अवसर पर जिला कारागार हरिद्वार का साप्ताहिक दौरा किया गया। विधिक सहायता डेस्क पर बंदियों के परिजनों की समस्याएं सुनी गईं। एकलव्य बैरक में 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग के बंदियों से संवाद कर उन्हें शिक्षा के लिए प्रेरित किया गया तथा पॉक्सो एक्ट और उनके अधिकारों की जानकारी दी गई।
शाम चार बजे डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सभागार में युवा अधिवक्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम हुआ। जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की शक्ति बताते हुए भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव और चंद्रशेखर आजाद के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने युवा अधिवक्ताओं को कानूनी पुस्तकों का अध्ययन कर ज्ञान बढ़ाने और मेहनत के साथ वकालत में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बार एसोसिएशन अध्यक्ष जसमहेंद्र सिंह, सचिव विपिन द्विवेदी, उपाध्यक्ष मीनाक्षी कपिल सहित कार्यकारिणी सदस्य, वरिष्ठ अधिवक्ता और बड़ी संख्या में युवा अधिवक्ता मौजूद रहे।




































Users Today : 888
Users Yesterday : 985
