(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो बनाने का जुनून छह युवकों को भारी पड़ गया। सप्तऋषि घाट क्षेत्र में गंगा पार कर हाथियों के झुंड के करीब पहुंचकर सेल्फी और वीडियो बना रहे युवकों को उस समय जान बचाकर भागना पड़ा, जब हाथी अचानक आक्रामक हो गए और उनके पीछे दौड़ पड़े। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए छह युवक सप्तऋषि घाट के सामने गंगा में स्नान कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने गंगा पार हाथियों का एक झुंड देखा, जिसमें छोटे शिशु हाथी भी शामिल थे। रोमांच के चलते युवक हाथियों के काफी नजदीक पहुंच गए और फोटो व वीडियो बनाने लगे। हाथियों ने खुद को असुरक्षित महसूस किया और अचानक युवकों की ओर दौड़ पड़े।
हाथियों को अपनी तरफ आता देख युवकों में अफरा-तफरी मच गई। सभी युवक अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। दो युवक हाथियों के बेहद करीब पहुंच गए थे, जिससे उनकी जान पर खतरा मंडरा गया। हालांकि उन्होंने तेजी से दौड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर खुद को बचा लिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा और युवकों को कड़ी चेतावनी दी। रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने कहा कि वन्यजीवों के करीब जाना बेहद खतरनाक है
और ऐसी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने लोगों से वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने और फोटो-वीडियो के लिए वन्यजीवों के निकट न जाने की अपील की।


























Users Today : 1164
Users Yesterday : 1217
