(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली सिडकुल पुलिस ने सख्त एक्शन लेते हुए सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशों पर पुलिस टीमों ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर कुल 52 आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, ये लोग सड़क किनारे, ढाबों और शराब की दुकानों के आसपास बैठकर जाम छलका रहे थे और माहौल खराब कर रहे थे। इतना ही नहीं, फैक्ट्रियों से छुट्टी के बाद घर लौट रही महिलाओं पर फब्तियां कसने की भी शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सख्ती दिखाई।
सभी आरोपियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए करीब ₹13,000 का संयोजन शुल्क वसूला गया। पुलिस ने सभी को कड़ी चेतावनी दी है कि भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते या किसी भी तरह की अभद्रता करते पाए गए तो उनके खिलाफ और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है और आम लोगों ने पुलिस की इस मुहिम की सराहना की है।


























