(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। पवित्र सावन माह के साथ धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ मेले की रौनक बढ़ गई है। इसी बीच कांवड़ यात्रा से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। खुद को पूर्व मुस्लिम बताने वाली अनिशा बानो उर्फ अनिशा अपने बच्चों की सलामती और उन्हें वापस पाने की मनोकामना लेकर हरिद्वार पहुंची हैं।
अनिशा का कहना है कि पति से विवाद के चलते उनके बच्चे फिलहाल उनके पास नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में जब वह राजस्थान में अपने बच्चों से मिलने पहुंचीं, तो ससुराल पक्ष ने घर के दरवाजे बंद कर दिए और उन्हें बच्चों से मिलने नहीं दिया। अनिशा के मुताबिक, बच्चों ने अंदर से उन्हें पुकारा, लेकिन वह उनसे मिल नहीं सकीं।
अनिशा का दावा है कि वह कट्टरपंथ, हलाला और तीन तलाक जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठा रही हैं और इंसानियत को सबसे बड़ा धर्म मानती हैं।
इसी उद्देश्य से वह 29 जुलाई, गुरु पूर्णिमा से 6 अगस्त तक हरिद्वार में अखंड हवन एवं यज्ञ कर रही हैं। इसके बाद 7 अगस्त को वह हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा शुरू करेंगी और गाजियाबाद के लिए रवाना होंगी।
मीडिया से बातचीत में अनिशा ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी इच्छा के अनुसार धर्म चुनने और जीवन जीने की स्वतंत्रता देता है। उन्होंने कहा कि वह अपने बच्चों की खुशहाली और कट्टरपंथ के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करती रहेंगी।




































Users Today : 33
Users Yesterday : 723
