(शहजाद अली हरिद्वार) बहादराबाद। त्योहारी सीजन में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को जागरूक करने के लिए बहादराबाद पुलिस ने अनूठी पहल की। स्थानीय रामलीला मंचन के दौरान उप निरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज ने रामायण के प्रसंगों के माध्यम से सैकड़ों दर्शकों को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए।
माता सीता के हरण के प्रसंग का उदाहरण देते हुए उन्होंने समझाया कि जिस प्रकार रावण ने साधु का वेश धारण कर छल किया था, उसी तरह आज साइबर अपराधी भी अलग-अलग पहचान बनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। कोई बैंक कर्मचारी, पुलिस अधिकारी या रिश्तेदार बनकर संपर्क करता है, तो कोई फर्जी लॉटरी, KYC अपडेट और आकर्षक ऑफर के नाम पर लोगों को जाल में फंसाता है।
पुलिस ने AI और डीपफेक के बढ़ते खतरे के प्रति भी लोगों को सतर्क किया। उप निरीक्षक ने अपील की कि किसी अनजान व्यक्ति से OTP, पासवर्ड या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान ऐप डाउनलोड करने और अनजान वीडियो कॉल पर भरोसा करने से बचें। सोशल मीडिया अकाउंट सुरक्षित रखने के लिए मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करें।
उन्होंने कहा कि किसी परिचित के नाम पर अचानक रुपये मांगने वाला संदेश या वीडियो मिलने पर पहले दूसरे विश्वसनीय माध्यम से पुष्टि जरूर करें। ATM पर भी PIN गोपनीय रखें और अनजान व्यक्ति की सहायता लेने से बचें।
साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट दर्ज कराएं। बहादराबाद पुलिस की इस पहल को रामलीला समिति और दर्शकों ने सराहा।








































Users Today : 451
Users Yesterday : 496






