(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार, 15 अक्टूबर। कुंभ मेला-2027 के आयोजन को लेकर हरिद्वार में तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बुधवार को नगर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने शंकराचार्य चौक से मालवीय चौक तक सड़क एवं चौराहों के सुधार, फुटपाथ, मीडियन निर्माण, सौंदर्यीकरण और जन-सुविधाओं से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने सड़कों के बीच और अन्य स्थानों पर बेतरतीब खड़े तथा क्षतिग्रस्त पोलों को हटाने के साथ यातायात और पैदल आवागमन की व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
इसके बाद मेलाधिकारी ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के साथ माया देवी मंदिर क्षेत्र से वाल्मीकि चौक होते हुए गुजरांवाला चौक तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सड़क सुधार, स्वच्छता और कुंभ मेले के मद्देनजर की जाने वाली तैयारियों की समीक्षा की गई। गुजरांवाला धर्मशाला से शिवमूर्ति चौक तक की आंतरिक गलियों में आवश्यक सुधार तथा जन-सुविधाओं की स्थिति भी देखी गई।
शिवमूर्ति चौक क्षेत्र में चल रहे सड़क सुधार, फुटपाथ निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। मेलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्य न केवल गुणवत्तापूर्ण हों, बल्कि कुंभ नगरी की गरिमा और आवश्यकताओं के अनुरूप भी होने चाहिए। उन्होंने सड़कों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी रखने पर जोर दिया।
मेलाधिकारी ने भगत सिंह चौक और बिल्केश्वर क्षेत्र से मनसा देवी मार्ग तक फुटपाथ निर्माण तथा पैदल मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
रात में भी होगी निर्माण कार्यों की निगरानी
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की बहुस्तरीय निगरानी व्यवस्था की भी पड़ताल की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने, रात्रिकालीन शिफ्ट में काम की प्रगति सुनिश्चित करने और निर्माण की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों से निरीक्षण रिपोर्ट, संसाधनों की उपलब्धता और रात्रिकालीन कार्यों की प्रगति की नियमित जानकारी मांगी गई।
वहीं, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने खड़खड़ी क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल तथा पुराने दिल्ली-नीति पास मार्ग पर सड़क सुधार और फुटपाथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
कुंभ-2027 की तैयारियों के तहत प्रशासन का जोर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, निर्माण कार्यों में तेजी लाने और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने पर है।








































Users Today : 450
Users Yesterday : 496






