(शहजाद अली हरिद्वार) हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सीवरेज और पेयजल से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं को अब तेजी से धरातल पर उतारने की तैयारी है। बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने अनुरक्षण शाखा (गंगा) और पेयजल निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में संचालित, प्रस्तावित और आगामी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।
बैठक में KFW योजना फेस-2 के तहत जगजीतपुर क्षेत्र में चल रहे सीवरेज कार्य की प्रगति पर चर्चा हुई। विधायक ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर अभी सीवर लाइन बिछाने का कार्य बाकी है, वहां जल्द काम पूरा कराया जाए। वहीं, जिन क्षेत्रों में सीवर लाइन डालने के कारण सड़कों की कटिंग की गई है, वहां रोड को तत्काल दुरुस्त कर पूर्व स्थिति में लाने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद KFW योजना फेस-3 की समीक्षा की गई। इस योजना के तहत सीतापुर तथा हरिलोक-राजलोक क्षेत्र में सीवरेज लाइन बिछाई जानी है। अधिकारियों ने बताया कि योजना की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। विधायक ने इसी माह कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द सीवरेज सुविधा का लाभ मिल सके।
बैठक में KFW योजना फेस-4 को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। करीब 180 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी योजना में सुभाषनगर, टिहरी विस्थापित क्षेत्र, शिवालिकनगर और आसपास की कॉलोनियों में सीवरेज लाइन बिछाने के साथ एसपीएस निर्माण सहित कई कार्य प्रस्तावित हैं। विधायक ने योजना की फाइनल DPR और आवश्यक रिपोर्ट जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए, जिससे आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त कर कार्य शुरू कराया जा सके।
वहीं, सुभाषनगर, टिहरी विस्थापित, शिवालिकनगर, रामधाम, देवनगर, कृपाल नगर, नवोदय नगर और केशव नगर क्षेत्र के लिए प्रस्तावित करीब 125 करोड़ रुपये की जायका पेयजल योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि DPR और सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है तथा PMC को कार्य सौंप दिया गया है। विधायक ने शासन से आवश्यक स्वीकृति जल्द प्राप्त कर टेंडर प्रक्रिया शुरू कराने को कहा।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड के विकास को रानीपुर विधानसभा में भी योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीवरेज और पेयजल की इन योजनाओं के पूरा होने से हजारों नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के शहरी विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए और प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करते हुए लंबित स्वीकृतियां प्राप्त की जाएं, ताकि जनता को विकास योजनाओं का लाभ जल्द मिल सके।
बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ पार्षद नागेंद्र राणा, लक्की वालिया, हरविंद्र सिंह विक्की और वरिष्ठ भाजपा नेता अजय बबली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








































Users Today : 124
Users Yesterday : 902






