(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। दीपावली पर्व और आगामी कुंभ मेले को देखते हुए नगर निगम हरिद्वार ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कमर कस ली है। नगर आयुक्त के निर्देशों पर शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से रात्रिकालीन विशेष सफाई अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नगर निगम की टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया।
रात्रिकालीन विशेष सफाई अभियान के अंतर्गत ज्वालापुर मुख्य बाजार से आर्यनगर चौक, रानीपुर मोड़ होते हुए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से हर की पौड़ी तक सफाई कार्य किया गया। अभियान के दौरान सड़कों, बाजारों और आसपास के सार्वजनिक स्थलों से कूड़ा-कचरा हटाकर स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। विशेष रूप से उन स्थानों पर सफाई पर जोर दिया गया, जहां स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ यात्रियों और श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक रहती है।

इस विशेष अभियान में वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की, मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकान्त, सफाई निरीक्षक आकाश फोर तथा सुपरवाइजर लवकेश, अनुराग और कुशाल के नेतृत्व में नगर निगम के 43 पर्यावरण मित्रों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। पूरी टीम ने रात के समय विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए श्रमदान किया।
नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य दीपावली के दौरान शहर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ आगामी कुंभ मेले को लेकर अभी से व्यवस्थाओं को मजबूत करना है। कुंभ मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रमुख मार्गों, बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और धार्मिक स्थलों के आसपास सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है।

नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि शहर में विशेष सफाई अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि स्थानीय नागरिकों के साथ हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
नगर निगम हरिद्वार का संकल्प है—स्वच्छ हरिद्वार, सुंदर हरिद्वार।








































Users Today : 280
Users Yesterday : 579
