(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार, 01 अक्टूबर 2026। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। जगजीतपुर क्षेत्र स्थित स्कूलों और आसपास के इलाकों में चलाए गए अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने 20 स्कूटी और मोटरसाइकिल सीज कीं।
अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने किया। कार्रवाई से पहले टीम ने विद्यालय प्रशासन से वार्ता कर नाबालिग विद्यार्थियों के वाहन संचालन को लेकर जानकारी ली। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने बताया कि विद्यार्थियों के अभिभावकों को पहले ही नोटिस जारी कर बच्चों को स्कूटी या मोटरसाइकिल से स्कूल नहीं भेजने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद कुछ विद्यार्थी दोपहिया वाहनों से विद्यालय पहुंचे और वाहनों को आसपास की गलियों में खड़ा कर रहे थे।
परिवहन विभाग की टीम ने विद्यालय प्रशासन को विश्वास में लेते हुए ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 20 दोपहिया वाहन सीज किए गए। साथ ही संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों को कार्रवाई की जानकारी देते हुए बच्चों के लिए सुरक्षित और वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अभियान में एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, यातायात कर अधिकारी वरुणा सैनी और यातायात कर अधिकारी भारत भूषण भी मौजूद रहे।
परिवहन विभाग ने अभिभावकों से अपील की कि निर्धारित आयु पूरी किए बिना और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के अभाव में बच्चों को किसी भी मोटर वाहन का संचालन न करने दें। अधिकारियों के अनुसार नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना स्वयं उनके साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर रोक और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा।








































Users Today : 447
Users Yesterday : 861






