(शहजाद अली हरिद्वार)बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। सोमवार से शुरू होने वाली प्रस्तावित बैंक हड़ताल फिलहाल टल गई है। रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन यानी आईबीए और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच हुई बैठक के बाद हड़ताल को स्थगित करने का फैसला लिया गया। ऐसे में सोमवार को बैंक सामान्य रूप से खुलेंगे और बैंकिंग सेवाएं पहले की तरह जारी रहने की उम्मीद है।
दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस यानी यूएफबीयू ने विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार से तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया था। बैंक यूनियनों की ओर से पांच दिन का बैंकिंग कार्य सप्ताह लागू करने समेत कई मांगें उठाई जा रही थीं। प्रस्तावित हड़ताल के कारण लगातार तीन दिन तक बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना थी।
हालांकि, रविवार रात हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत में सहमति बनी और फिलहाल हड़ताल को टाल दिया गया। बैंक यूनियन की ओर से भारतीय बैंक संघ यानी आईबीए से मिले आश्वासन के बाद यह फैसला लिया गया है।
यूएफबीयू की ओर से कहा गया है कि शनिवार को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विचार-विमर्श के लिए आईबीए और यूएफबीयू की एक उच्चस्तरीय समिति का तत्काल गठन किया जाएगा। यह समिति सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी और संबंधित हितधारकों के साथ चर्चा के बाद ऐसा समाधान निकालने का प्रयास करेगी, जो सभी पक्षों, खासकर बैंक ग्राहकों को स्वीकार्य हो।
वहीं, बैंकिंग क्षेत्र में प्रदर्शन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना यानी पीएलआई को लेकर भी आईबीए के साथ बातचीत शुरू किए जाने की बात कही गई है। इसके अलावा यूनियन और संघों की आपत्तियों को दूर करने के लिए योजना में बदलाव का प्रस्ताव सरकार के सामने रखने की संभावना भी जताई गई है।
यूएफबीयू ने इन आश्वासनों को देखते हुए प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति जताई है। यानी फिलहाल बैंक ग्राहकों को राहत मिल गई है। सोमवार से बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज जारी रहेगा और हड़ताल के चलते होने वाली संभावित परेशानी से ग्राहकों को राहत मिलेगी।
हालांकि, बैंक यूनियनों की मांगों पर आगे होने वाली बातचीत और उच्चस्तरीय समिति की प्रक्रिया पर अब सभी की नजर रहेगी।








































Users Today : 435
Users Yesterday : 1426






