(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। बीएचईएल हरिद्वार ने न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआईएल) की कैगा परियोजना के लिए 700 मेगावाट क्षमता वाले टर्बो जनरेटर स्टेटर का सफल निर्माण कर उसे रवाना किया। एनपीसीआईएल के एसोसिएट डायरेक्टर विवेक अग्रवाल ने बीएचईएल हरिद्वार के महाप्रबंधक दिनेश सिंह, एन.एस. राणा और कपिल यादव की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर स्टेटर को डिस्पैच किया।
इस अवसर पर विवेक अग्रवाल ने सफल निर्माण एवं आपूर्ति के लिए बीएचईएल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े और जटिल कंपोनेंट का सफल निर्माण व डिस्पैच न्यूक्लियर पावर के क्षेत्र में बीएचईएल की तकनीकी दक्षता और उन्नत विनिर्माण क्षमताओं को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देश के घरेलू न्यूक्लियर एनर्जी कार्यक्रम में बीएचईएल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
बीएचईएल के अनुसार, पूर्णतः स्वदेशी तकनीक से विकसित यह टर्बो जनरेटर स्टेटर उच्च तापमान और चुनौतीपूर्ण ग्रिड परिस्थितियों में भी बेहतर दक्षता के साथ विद्युत उत्पादन में सक्षम है। अत्याधुनिक सिमुलेशन और टेस्टिंग क्षमताओं के माध्यम से विकसित स्टेटर ने अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप परीक्षणों को सफलतापूर्वक पूरा किया है।
यह उपलब्धि ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे महंगे विदेशी उपकरणों के आयात और विदेशी मुद्रा खर्च को कम करने में भी मदद मिलेगी। कार्यक्रम में बीएचईएल के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।








































Users Today : 197
Users Yesterday : 611






