(शहजाद अली हरिद्वार)पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ के चंडाक स्थित बाबू जगजीवन राम मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली और सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव भी जाने।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में इसी शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह सीमांत क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मेडिकल कॉलेज के संचालन से न केवल पिथौरागढ़, बल्कि आसपास के दूरस्थ एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर अनावश्यक रूप से न जाना पड़े और उन्हें अपने नजदीक ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण एवं विकास से जुड़े सभी कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि मेडिकल कॉलेज का संचालन सुचारु रूप से हो सके और इसका लाभ क्षेत्र की जनता को जल्द से जल्द मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता में भी सुधार होगा।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल और विधायक फकीर राम टम्टा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








































Users Today : 655
Users Yesterday : 682
