(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार, 25 नवंबर। बदलते सामाजिक परिवेश, डिजिटल दुनिया के बढ़ते प्रभाव और परिवारों की बदलती संरचना के बीच बच्चों के सामाजिक, भावनात्मक एवं व्यक्तित्व विकास को लेकर देशभर के 37 शिक्षा बोर्डों का महामंथन हरिद्वार में शुरू हो गया है। पतंजलि योगपीठ स्थित पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट में 25 से 27 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय शिक्षा बोर्डों के चेयरमैन, सचिव, शिक्षाविद और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा भविष्य की शिक्षा व्यवस्था पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।
‘छात्रों में सामाजिक-भावनात्मक विकास एवं कल्याण की चुनौतियां’ विषय पर आयोजित सम्मेलन की मेजबानी भारतीय शिक्षा बोर्ड कर रहा है। उद्घाटन प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन एनपी सिंह, कोब्से अध्यक्ष डॉ. जी. इम्मानुएल और सचिव एमसी शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कोब्से की ओर से प्रकाशित दो पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।

पारदर्शिता और जवाबदेही से मजबूत होगी शिक्षा व्यवस्था
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि भारतीय शिक्षा बोर्ड एक आदर्श बोर्ड के रूप में उभरकर सामने आया है। उन्होंने देशभर से आए शिक्षा बोर्डों के प्रतिनिधियों से बोर्डों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा संचालन, प्रश्नपत्र निर्माण और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया को बेहतर बनाने की जरूरत है, ताकि विद्यार्थी राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकें। सम्मेलन में प्राप्त सुझावों को शिक्षा व्यवस्था में लागू करने पर भी जोर दिया।

शिक्षा का उद्देश्य चरित्रवान नागरिक तैयार करना: स्वामी रामदेव
योगगुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री और रोजगार तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में चरित्र, नैतिकता, अनुशासन, राष्ट्रभावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना जरूरी है। उन्होंने गुरुकुल परंपरा और आधुनिक शिक्षा के समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि ऐसी पीढ़ी तैयार होनी चाहिए जो आत्मनिर्भर, संस्कारवान, वैज्ञानिक सोच से संपन्न और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य हो। भारतीय शिक्षा बोर्ड इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
शुरुआती 15 साल व्यक्तित्व निर्माण के लिए अहम
भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन एनपी सिंह ने कहा कि बच्चे के जीवन के शुरुआती 14-15 वर्ष उसके व्यक्तित्व निर्माण के लिए निर्णायक होते हैं। इस दौरान मिलने वाले संस्कार, मूल्य और व्यवहार जीवनभर उसकी सोच एवं दिशा तय करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल पढ़ाई में सक्षम बनाना पर्याप्त नहीं, बल्कि आत्मविश्वासी, दृढ़ और सामाजिक-भावनात्मक रूप से मजबूत बनाना भी जरूरी है।
संयुक्त परिवार संस्कारों की पाठशाला
आचार्य बालकृष्ण ने संयुक्त परिवार को बच्चों के संस्कार एवं व्यक्तित्व विकास की मजबूत पाठशाला बताया। उन्होंने कहा कि मां बच्चे की पहली गुरु होती है और परिवार उसके सीखने का पहला केंद्र। बदलती जीवनशैली और एकल परिवारों के बढ़ते चलन के बीच बच्चों को पर्याप्त समय, मार्गदर्शन और संस्कार देने की आवश्यकता है। शिक्षा बोर्डों को पाठ्यक्रम और परीक्षाओं के साथ बच्चों की समस्याओं के समाधान एवं समग्र विकास पर भी ध्यान देना चाहिए।
सम्मेलन में नेपाल, भूटान और अमेरिका सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इस दौरान शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थी कल्याण और भविष्य की शिक्षा व्यवस्था को अधिक संवेदनशील एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने पर चर्चा की गई।










































Users Today : 362
Users Yesterday : 644
