(शहजाद अली हरिद्वार)लक्सर, हरिद्वार। मेडिकल स्टोर संचालकों को दवाओं के सुरक्षित भंडारण और नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लक्सर के गोदावरी होटल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। लक्सर मेडिकल एसोसिएशन, हरिद्वार मेडिकल एसोसिएशन (रजिस्टर्ड उत्तराखंड) और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बैठक में ड्रग्स इंस्पेक्टर मेघा आनंद ने मेडिकल स्टोर संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में ड्रग्स इंस्पेक्टर मेघा आनंद ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा के लिए दवाओं का उचित रखरखाव और निर्धारित मानकों के अनुसार भंडारण बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देश दिए कि वे अपनी दुकानों पर एक्सपायर हो चुकी दवाओं को रखने के लिए अलग से बॉक्स की व्यवस्था करें, ताकि ऐसी दवाएं गलती से भी बिक्री के लिए उपलब्ध न हों और मरीजों तक न पहुंचें।

उन्होंने मेडिकल स्टोर में दवाओं को सुरक्षित रखने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले फ्रिज को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दवाइयों के फ्रिज में खाने-पीने की अन्य वस्तुएं बिल्कुल न रखी जाएं। इसके साथ ही दवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए स्टोर में उचित तापमान सुनिश्चित करने और दवाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने पर जोर दिया गया।
ड्रग्स इंस्पेक्टर ने प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री को लेकर भी सख्त हिदायत देते हुए कहा कि ऐसी दवाएं बिना डॉक्टर के पर्चे के नहीं बेची जानी चाहिए। सभी मेडिकल स्टोर संचालकों के लिए दवा संबंधी नियमों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों ने भी मेडिकल स्टोर संचालकों को संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी और नियमों के अनुरूप कारोबार करने की अपील की।
इस बैठक में लक्सर और हरिद्वार क्षेत्र के बड़ी संख्या में मेडिकल स्टोर संचालक मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य दवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने, सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने और आमजन को सुरक्षित दवाएं उपलब्ध कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।








































Users Today : 225
Users Yesterday : 896
