(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। रानीपुर विधायक आदेश चौहान के मोबाइल फोन पर साइबर अटैक होने की सूचना सामने आई है। इसके मद्देनजर लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध संदेश पर भरोसा नहीं करने की अपील की गई है। इस संबंध में जारी आवश्यक सूचना में लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
सूचना के अनुसार, विधायक आदेश चौहान के नाम या मोबाइल नंबर से WhatsApp मैसेज, सोशल मीडिया संदेश, संदिग्ध लिंक अथवा पैसों से संबंधित कोई अनुरोध प्राप्त होने पर उस पर प्रतिक्रिया न दें। साथ ही, बिना पुष्टि किए किसी भी प्रकार का आर्थिक लेन-देन करने से बचें।

लोगों को विशेष रूप से आगाह किया गया है कि साइबर अपराधी किसी व्यक्ति के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर परिचितों तथा आम लोगों को निशाना बना सकते हैं। ऐसे में किसी भी संदेश की सत्यता की पुष्टि किए बिना उस पर विश्वास करना नुकसानदायक हो सकता है।
अपील की गई है कि यदि विधायक के नाम से कोई व्यक्ति पैसे मांगता है या संदिग्ध लिंक भेजता है, तो संबंधित व्यक्ति से किसी अन्य विश्वसनीय माध्यम से संपर्क कर पुष्टि अवश्य करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी साझा करें।

साइबर सुरक्षा के मद्देनजर लोगों से अपील की गई है कि वे स्वयं सतर्क रहें और इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि संभावित साइबर ठगी से बचाव किया जा सके।








































Users Today : 598
Users Yesterday : 682
