(शहजाद अली हरिद्वार) सिडकुल। हरिद्वार पुलिस का बड़ा एक्शन: तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल लूटने वाले 2 शातिर गिरफ्तार
सिडकुल थाना क्षेत्र में राहगीरों को अपना निशाना बनाने वाले खूंखार बदमाशों पर हरिद्वार पुलिस का शिकंजा कस गया है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लूटपाट की इस सनसनीखेज वारदात का चंद दिनों में ही पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके साथियों की तलाश में दबिशें जारी हैं।
दिनांक 24 सितंबर 2026 को सिडकुल क्षेत्र के रानी रो नदी के पास दिनदहाड़े चार अज्ञात बदमाशों ने तमंचे के बल पर पंकज कुमार (निवासी रोशनाबाद) की पल्सर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया था। पीड़ित की शिकायत पर थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया था।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सुरागकशी के आधार पर जाल बिछाकर दो आरोपियों—दीपक (निवासी फतेहपुर सिकरी, उत्तर प्रदेश) और आकाश उर्फ पहाड़ी (निवासी पौड़ी गढ़वाल)—को नवोदय स्कूल के पास पीठ मैदान से दबोच लिया।
पूछताछ में सामने आया कि ये शातिर अपराधी 23 सितंबर 2026 को थाना रायपुर (देहरादून) में हुए एक महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए भागे थे और छिपते-छिपाते हरिद्वार पहुंचे थे।
शराब पीने के बाद दिया वारदात को अंजाम: हरिद्वार में पैसों की तंगी के चलते इन्होंने पेंटागन मॉल के पीछे नदी के किनारे बैठकर शराब पी और कच्चे रास्ते से गुजर रहे एक बाइक सवार को तमंचे के बल पर लूट लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार, एक आरसी, एक पर्स और ₹1,000 नगद बरामद किए हैं। फरार चल रहे अन्य साथियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस सफल खुलासे में थानाध्यक्ष अजय शाह, व.उ.नि. प्रवीण बिष्ट, उ.नि. इंद्रजीत सिंह राणा, उ.नि. अनिल बिष्ट, हे.कां. संजय और कां. मनीष कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








































Users Today : 1308
Users Yesterday : 1573






