(शहजाद अली हरिद्वार)उत्तरकाशी। राज्य स्थापना वर्ष 2026 के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के क्रम में नशा मुक्त भारत अभियान की छठवीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी के ऑडिटोरियम हॉल में करियर काउंसलिंग एवं संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखते हुए उनके सपनों, प्रतिभा एवं करियर को सही दिशा प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। गोष्ठी में छात्र-छात्राओं को भारतीय प्रशासनिक सेवाओं, प्रांतीय सिविल सेवा, शिक्षा, वन एवं वानिकी, भारतीय सेना, स्वास्थ्य, खेल एवं संगीत सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर संभावनाओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने तथा सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक रोडमैप भी समझाया।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति को उसके सपनों से दूर ले जाता है, जबकि शिक्षा, संकल्प और सही मार्गदर्शन उसे अपने लक्ष्य के करीब पहुंचाते हैं। युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी हैं। यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ते हैं तो राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं, लेकिन नशे की गिरफ्त में आने से उनका व्यक्तिगत भविष्य ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति भी प्रभावित होती है।
उन्होंने कहा कि किसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षा अथवा जीवन के किसी भी महत्वपूर्ण लक्ष्य में सफलता प्राप्त करने के लिए सबसे पहले स्वयं को समझना और स्वयं से संवाद करना आवश्यक है। जीवन में प्रसन्नता, स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन, समय का सदुपयोग, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति, अटूट आत्मविश्वास, धैर्य एवं संयम सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। विद्यार्थियों को अपने पैशन को लक्ष्य बनाकर पूरे जुनून और समर्पण के साथ मेहनत करनी चाहिए। इसके साथ ही अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी अत्यंत आवश्यक है।

मोबाइल और सोशल मीडिया के बजाय पुस्तकों को बनाएं अपना मित्र : अपर जिलाधिकारी
अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया के अनावश्यक उपयोग से बचने, माता-पिता एवं अच्छे मित्रों के संपर्क में रहने तथा पुस्तकों को अपना सबसे अच्छा मित्र बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जब तक आवश्यक न हो, एंड्रॉयड फोन के उपयोग से बचना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को टाइम मैनेजमेंट अपनाने, अच्छे लेखकों की पुस्तकें पढ़ने और निरंतर मेहनत करते रहने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य, सेना और खेल के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर दिया मार्गदर्शन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने विद्यार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य, स्वस्थ जीवनशैली एवं स्वास्थ्य विभाग में उपलब्ध विभिन्न पदों तथा उनमें चयन के लिए आवश्यक शैक्षिक योग्यता और तैयारी के रोडमैप की जानकारी दी।
सवानिवृत्त मेजर आर.एस. जमनाल ने भारतीय सेना में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित व्यायाम, योग, शारीरिक दक्षता और लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व समझाया। वहीं अन्य विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों और क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों तथा उनमें आगे बढ़ने के लिए आवश्यक तैयारियों के संबंध में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
विद्यार्थियों ने अधिकारियों से किए सीधे सवाल
कार्यक्रम के संवाद सत्र में महाविद्यालय की छात्राएं सरण्य थपलियाल एवं कुमुद पंवार तथा छात्र केशव नौटियाल ने विद्यार्थियों की ओर से विभिन्न जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों को उपस्थित अधिकारियों के समक्ष रखा। इसके अतिरिक्त अन्य छात्र-छात्राओं ने भी सीधे अधिकारियों से संवाद कर अपने करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं भविष्य की संभावनाओं से संबंधित सवाल पूछे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज पंत ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं से विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी मिलती है तथा वे अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया।
विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं मोमेंटो देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को समाज कल्याण विभाग की ओर से मेडल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं को नशा मुक्त भारत अभियान के संदेश से जुड़ी टी-शर्ट, कप एवं मोमेंटो वितरित किए गए।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि नशे से दूरी, शिक्षा से जुड़ाव, सकारात्मक सोच, अनुशासन और सही करियर मार्गदर्शन ही एक उज्ज्वल भविष्य एवं सशक्त समाज के निर्माण का आधार हैं।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी श्रीमती मुक्ता मिश्रा , डिप्टी एसपी जनक पवार, महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज पंत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, उपनिदेशक मत्स्य नितेश, सेवायोजन अधिकारी विनायक श्रीवास्तव, एसडीओ वन सुनील बलूनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार, सेवानिवृत्त मेजर आर.एस. जमनाल, गंगोत्री फिजिकल अकादमी के संस्थापक चंद्र मोहन पंवार तथा स्पोर्ट्स स्टेडियम मनेरा के कोच मनीष एवं सुश्री कृतिका सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्रभारी अपर/सहायक समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी ने किया।











































Users Today : 602
Users Yesterday : 831
