(शहजाद अली हरिद्वार)नैनीताल। भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान की कार्रवाई लगातार जारी है। नैनीताल जिले की तहसील धारी में भूमि की नाप कराने के एवज में 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने पटवारी निर्मल बोरा को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में भी हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक ग्राम मौड़ा निवासी एक शिकायतकर्ता अपनी भूमि की नाप कराने के लिए पटवारी निर्मल बोरा के संपर्क में आया था। आरोप है कि भूमि की नाप कराने के बदले पटवारी द्वारा शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की जा रही थी। रिश्वत देने से इनकार करने के बाद शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की जांच की। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान के निर्देश पर ट्रैप टीम का गठन किया गया।
26 सितंबर को हल्द्वानी सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने तहसील धारी में ट्रैप की कार्रवाई की। शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये लेते ही टीम ने पटवारी निर्मल बोरा को मौके पर रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान की कार्रवाई के बाद सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ सख्ती का संदेश गया है। निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आम लोगों से भ्रष्टाचार की शिकायत 1064 या व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 9456592300 पर करने की अपील की है।








































Users Today : 80
Users Yesterday : 1573






